मुरादाबाद। जनपद के बिलारी कोतवाली क्षेत्र के अमरपुरकाशी गांव में सोमवार को एक गंभीर हादसा हो गया। गांव के पास से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन पर काम कर रहा एक युवक अचानक तेज करंट की चपेट में आ गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक हाईटेंशन लाइन पर कार्य कर रहा था, तभी अचानक विद्युत आपूर्ति चालू हो गई। तेज धमाके के साथ युवक करंट की चपेट में आ गया और नीचे गिर पड़ा। करंट लगने से उसके शरीर के कई हिस्से झुलस गए और कपड़ों में आग लग गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर युवक को बचाया।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने बिजली विभाग को सूचना देकर लाइन की सप्लाई बंद कराई और घायल युवक को आनन-फानन में बिलारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने युवक की हालत गंभीर बताते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल मुरादाबाद रेफर कर दिया।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि न तो कार्य से पहले लाइन को पूरी तरह शटडाउन किया गया था और न ही युवक को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे। इसी लापरवाही के चलते यह बड़ा हादसा हुआ।

घटना के बाद गांव में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस घायल युवक की पहचान और कार्य से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।
