मुरादाबाद। जायद-2026 में बसंत कालीन गन्ने के साथ उड़द एवं मूंग की अंतःफसली खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग और गन्ना विकास विभाग द्वारा संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत गन्ना उत्पादक किसानों को उड़द और मूंग के बीज की निःशुल्क मिनीकिट उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला गन्ना अधिकारी राम किशन ने बताया कि योजना का लाभ केवल कृषि विभाग में पंजीकृत गन्ना उत्पादक किसानों को ही मिलेगा, जो बसंत कालीन गन्ना बुवाई के साथ दलहनी फसलों की अंतःफसल करेंगे। प्रत्येक पात्र किसान अधिकतम एक हेक्टेयर क्षेत्रफल के लिए उड़द अथवा मूंग में से किसी एक फसल का 20 किलोग्राम बीज निःशुल्क प्राप्त कर सकता है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक किसानों को कृषि दर्शन-2 पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और 20 जनवरी, 2026 तक खुली रहेगी। प्राप्त आवेदनों में से पात्र किसानों का चयन ऑनलाइन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।
चयनित किसानों को उनके संबंधित विकास खंड के राजकीय कृषि बीज भंडार से बीज का वितरण किया जाएगा। इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों की खेती लागत को कम करना, आय में वृद्धि करना तथा दलहनी फसलों के माध्यम से भूमि की उर्वरता बनाए रखना है।
जिला गन्ना अधिकारी ने गन्ना उत्पादक किसानों से अपील की है कि वे 20 जनवरी, 2026 से पूर्व अधिक से अधिक संख्या में कृषि दर्शन-2 पोर्टल पर पंजीकरण कराकर योजना का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए किसान अपने नजदीकी राजकीय कृषि बीज भंडार या संबंधित गन्ना विकास परिषद कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
