मुरादाबाद। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ बैठक संपन्न हुई।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की तिथि-वार समय-सारणी की जानकारी दी गई। आयोग के निर्देशों के अनुसार 6 जनवरी 2026 को मतदाता सूची के आलेख्य का प्रकाशन किया जाएगा। इसके साथ ही 6 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। वहीं 6 जनवरी से 27 फरवरी 2026 तक दावे-आपत्तियों पर निर्णय एवं निस्तारण की प्रक्रिया चलेगी। अंतिम रूप से मतदाता सूची का प्रकाशन 6 मार्च 2026 को किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी नामित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारणी एवं प्रक्रियाओं का अक्षरशः पालन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना पूर्व स्वीकृति कोई भी अधिकारी मुख्यालय नहीं छोड़ेगा तथा इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने नोटिस जारी करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि पूर्वाह्न 10 बजे से सायं 5 बजे तक निर्धारित स्थल पर उपस्थित रहकर दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाए तथा दैनिक निस्तारण की स्थिति नोटिस बोर्ड पर अनिवार्य रूप से चस्पा की जाए।

नोटिस जारी होने के बाद संबंधित व्यक्ति को एक सप्ताह का समय दिया जाएगा, जिसमें वह निस्तारण हेतु आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करेगा। नोटिस की तामीला बीएलओ के माध्यम से कराई जाएगी।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के साथ-साथ नए मतदाताओं से प्रारूप-6, तथा संशोधन एवं स्थानांतरित (शिफ्टेड) मतदाताओं से प्रारूप-8 प्राप्त करने की प्रक्रिया भी निरंतर जारी रहेगी।
इसके अतिरिक्त 11 जनवरी को प्रातः 11 बजे से सायं 5 बजे तक प्रत्येक बीएलओ द्वारा मतदान केंद्र पर मतदाता सूची का पाठन (पढ़कर सुनाना) किया जाएगा, जिसके संबंध में भी आयोग द्वारा स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती संगीता गौतम, एसडीएम सदर राम मोहन मीणा तथा ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आदित्य श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
