मुरादाबाद। जनपद में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा विभाग, मुरादाबाद द्वारा आयोजित “स्कूल चलो अभियान” कार्यक्रम में कुंदरकी क्षेत्र से भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने पंचायत भवन, मुरादाबाद में सहभागिता कर कार्यक्रम को नई ऊर्जा प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने बच्चों को पुस्तकें वितरित कीं और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने तथा शिक्षा के महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो समाज को सशक्त, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाती है। बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह इस पहल की सफलता को दर्शा रहा था।

उन्होंने प्रदेश सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। “स्कूल चलो अभियान” के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और हर घर तक शिक्षा की रोशनी पहुंचे।

विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने “समग्र शिक्षा का अभियान – हर बच्चे तक पहुंचे प्राथमिक ज्ञान” के संकल्प को दोहराते हुए समाज के सभी वर्गों से इस मुहिम में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनके भविष्य को उज्ज्वल बनाने में भागीदार बनें।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनुज सिंह, एमएलसी गोपाल अंजान सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया और शिक्षा के प्रसार के लिए एकजुट होकर कार्य करने की बात कही।

“स्कूल चलो अभियान” न केवल बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास है, बल्कि यह एक सामाजिक जागरूकता आंदोलन भी बनता जा रहा है, जो समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शिक्षा का अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
