पंजाब और चंडीगढ़ में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कई बड़े स्कूलों, विश्वविद्यालयों और सरकारी दफ्तरों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिले। इन धमकियों में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के गांधी भवन, सचिवालय, मेयर कार्यालय और जालंधर के कई प्रतिष्ठित स्कूलों को निशाना बनाए जाने की बात कही गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीमें तुरंत हरकत में आ गईं और संबंधित स्थानों पर सघन जांच शुरू कर दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ई-मेल में इस्तेमाल की गई भाषा पहले मिली धमकियों से मिलती-जुलती है, जिससे किसी संगठित साजिश की आशंका जताई जा रही है।
जालंधर में भी DPS, मेयर वर्ल्ड स्कूल और MGN स्कूल को इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए हैं। स्कूल प्रशासन ने बिना देरी किए पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
इन ई-मेल में बेहद भड़काऊ और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है, साथ ही 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं और धमकी भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हैं।
