मुरादाबाद। शहर के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित न्यू खुशहाल नगर (वार्ड-60) में 40 साल पुराने सरकारी नाले पर कब्जे का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। नाले को बंद कर दिए जाने के कारण पूरे इलाके की जल निकासी व्यवस्था ठप हो गई है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, नगर निगम द्वारा कराए जा रहे नाली निर्माण के बावजूद गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है, क्योंकि असालतपुरा के बड़े नाले पर अतिक्रमण कर उसे बंद कर दिया गया है। शिकायत में स्वर्गीय राजेश त्यागी के पुत्र विकास त्यागी और मनीष त्यागी पर नाले पर कब्जा करने का आरोप लगाया गया है।
नाले के अवरुद्ध होने से गंदा पानी सड़कों और घरों के बाहर जमा हो गया है। इलाके में कीचड़, कचरा और बदबू से हालात बदतर हो गए हैं, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों में इसको लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है।

स्थानीय लोगों ने नगर निगम से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
शिकायत के बाद हरकत में आया प्रशासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने व सफाई अभियान शुरू करा दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही नाले को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कर जल निकासी व्यवस्था बहाल की जाएगी, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
