मुरादाबाद। राष्ट्रीय राजमार्ग-734 पर बढ़ती दुर्घटनाओं और आवागमन में हो रही दिक्कतों को लेकर ग्रामवासियों का आक्रोश अब सामने आने लगा है। बुधवार को ग्राम पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों ने भगतपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार शर्मा के माध्यम से जिला अधिकारी को एक ज्ञापन प्रेषित कर NH-734 के 9.850 किलोमीटर प्वाइंट पर मानव अंडरपास निर्माण की मांग उठाई।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र के ग्राम श्यामपुर हादीपुर मार्ग के पास स्थित यह राष्ट्रीय राजमार्ग इस समय निर्माणाधीन है। सड़क निर्माण के दौरान संबंधित स्थान पर दोनों ओर ग्रामवासियों के खेत और आबादी स्थित हैं, जिससे लोगों को सड़क पार कर अपने खेतों और दैनिक कार्यों के लिए बार-बार आना-जाना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान स्थिति में सड़क पार करना बेहद खतरनाक हो गया है। तेज रफ्तार वाहनों के चलते हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। विशेष रूप से पशुओं को लाने-ले जाने वाले किसानों, बच्चों और बुजुर्गों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कई बार दुर्घटनाएं होने से लोगों में भय का माहौल भी व्याप्त है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं। इसलिए ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जन सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए NH-734 के 9.850 प्वाइंट पर शीघ्र एक मानव अंडरपास का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों का आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस गंभीर समस्या पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो वे आगे आंदोलन करने को मजबूर होंगे@जफर-INN
