मुरादाबाद। राजकीय महाविद्यालय भोजपुर में बुधवार को युवा महोत्सव का भव्य शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या डॉ. सरस्वती, वरिष्ठ अध्यापक डॉ. जितेंद्र कुमार सहित अन्य प्राध्यापकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
युवा महोत्सव के अंतर्गत आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं ने पूरे परिसर को सृजनात्मक ऊर्जा से भर दिया। रंगोली प्रतियोगिता और काव्य पाठ प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। रंगोली प्रतियोगिता में जहां रंगों के माध्यम से आकर्षक कलाकृतियां उकेरी गईं, वहीं काव्य पाठ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी अभिव्यक्ति और भावनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सुश्री बना भारती (रंगोली प्रतियोगिता) और श्री ज्ञानेंद्र सिंह (काव्य पाठ प्रतियोगिता) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं, पूरे आयोजन का संचालन डॉ. पूजा निर्माणिया ने कुशलतापूर्वक किया, जिससे कार्यक्रम सुव्यवस्थित और प्रभावशाली ढंग से संपन्न हुआ।
अंत में सुश्री मधु त्यागी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
युवा महोत्सव ने न केवल विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया, बल्कि उनके आत्मविश्वास और सर्वांगीण विकास को भी नई दिशा दी। महाविद्यालय परिसर पूरे दिन उत्साह, ऊर्जा और रचनात्मकता से सराबोर रहा@जफर-INN
