मुरादाबाद। कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने ब्लॉक सभागार मूंढापांडे में राशन डीलरों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में क्षेत्र के समग्र विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

विधायक ने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। इसके लिए उन्होंने राशन डीलरों और अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने-अपने कार्यों को पूरी ईमानदारी और जवाबदेही के साथ निभाएं।

बैठक में विशेष रूप से वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन एवं राशन कार्ड जैसी योजनाओं की समीक्षा की गई। विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों का समय से सत्यापन कर योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति वंचित न रह जाए।

राशन वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए विधायक ने डीलरों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित मात्रा और गुणवत्ता के अनुसार ही खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित करें। साथ ही, वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और किसी भी शिकायत का त्वरित निस्तारण करने पर जोर दिया गया।

विधायक ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने और आमजन से सतत संवाद बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर सप्लाई विभाग के अधिकारी, राशन डीलर एवं क्षेत्र के सम्मानित कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के साथ-साथ सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाना रहा।
