मुरादाबाद। मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह की अध्यक्षता में विकास खंड छजलैट की ग्राम पंचायत गढ़ी में “गांव की समस्या, गांव में समाधान” थीम के तहत प्रातः 7 बजे चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में प्रशासनिक संवेदनशीलता और सख्ती दोनों का संतुलित रूप देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत में मंडलायुक्त ने गांव के बुजुर्गों से संवाद कर गांव के ऐतिहासिक महत्व, पुराने तालाबों की स्थिति, पारंपरिक मेले-बाजार और सामाजिक जीवन के बारे में जानकारी ली। बुजुर्गों ने भी पुराने समय के खान-पान, त्योहारों और ग्रामीण परिवेश की यादों को उत्साहपूर्वक साझा किया।

इसके बाद चौपाल का फोकस सीधे जनसमस्याओं पर रहा। ग्रामीणों ने सबसे प्रमुख रूप से बिजली बिलों में गड़बड़ी, स्मार्ट मीटर से जुड़ी दिक्कतें और ढीले तारों की समस्या उठाई।

इस पर मंडलायुक्त ने विद्युत विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि गांव में विशेष कैंप लगाकर हर उपभोक्ता की समस्या का समाधान किया जाए तथा एसडीएम कांठ को इसकी निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी।

स्मार्ट मीटर को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित एसडीओ को कार्यशैली सुधारने और उपभोक्ताओं को सही जानकारी देने के निर्देश दिए। साथ ही 15 दिनों के भीतर ढीले तारों का सर्वे कर उन्हें दुरुस्त कराने के आदेश दिए गए।

ग्रामीणों ने कूड़ा निस्तारण की समस्या भी उठाई, जिस पर मंडलायुक्त ने लेखपाल से खाद के गड्ढे के लिए भूमि चिन्हित कर समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि भविष्य में निर्धारित यूजर चार्ज समय से जमा करें ताकि साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके।
कब्रिस्तान में गंदा पानी पहुंचने की शिकायत पर एसडीएम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए, वहीं जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क मरम्मत न होने पर अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई।
राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत पर मंडलायुक्त ने मौके पर ही राशन डीलर को तलब किया। संतोषजनक जवाब न मिलने पर जिला पूर्ति अधिकारी को आपूर्ति श्रृंखला की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
चौपाल में एक 90 वर्षीय बुजुर्ग ने पेंशन, फसल बीमा और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि न मिलने की शिकायत की। इस पर संबंधित विभागों को जांच कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली पर भी मंडलायुक्त ने असंतोष जताया और जिला कार्यक्रम अधिकारी को सख्त निर्देश दिए कि बच्चों के समग्र विकास से जुड़ी गतिविधियों को गंभीरता से लागू किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को पोषण किट वितरित की गई और स्कूली बालिकाओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई की जानकारी ली गई। साथ ही एडीओ पंचायत को विद्यालय में बालिकाओं के लिए शौचालय निर्माण कराने के निर्देश दिए गए।
अंत में मंडलायुक्त ने पंचायत भवन गढ़ी में नवस्थापित जन सेवा केंद्र का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर जॉइंट मजिस्ट्रेट आदित्य श्रीवास्तव, अपर आयुक्त अरुण कुमार सिंह, डीसी गजेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
